The Media Voice

बिजली की रोशनी अब जेब पर भारी, जानिए कितना बढ़ा खर्च ?

प्रदेश में बिजली का नया मीटर कनेक्शन लेने के लिए आपको अब थोड़ा ज्यादा जेब ढ़ीली करनी पड़ेगी क्यों कि पावर कॉरपोरेशन के एमडी पंकज कुमार ने एक आदेश जारी कर दिया है कि अब हर उपभोक्ता को नया कनेक्शन लेने पर केवल स्मार्ट प्रीपेड मीटर ही मिलेगा।

इस फैसले के बाद नए बिजली उपभोक्ताओं पर सीधा असर पड़ेगा क्योंकि इन स्मार्ट प्रीपेड मीटरों की कीमत सामान्य मीटरों की तुलना में कई गुना अधिक है।

नया मीटर कनेक्शन क्यों करेगा आपकी जेब ढ़ीली ?

वर्तमान में सिंगल फेज मीटर के लिए 872 रुपये और थ्री फेज मीटर के लिए 2,921 रुपये का शुल्क लिया जाता है, लेकिन अब नए आदेश के तहत सिंगल फेज स्मार्ट प्रीपेड मीटर के लिए उपभोक्ताओं को 6,016 रुपये और थ्री फेज मीटर के लिए 11,341 रुपये तक चुकाने होंगे।

यानी उपभोक्ताओं को छह गुना तक अधिक कीमत देनी पड़ेगी। लेकिन मामला इतने पर ही नहीं रुकेगा क्यों कि जिन उपभोक्ताओं के पास पहले से कनेक्शन है और जिनके मीटर बदले जाएंगे, वहां भी स्मार्ट प्रीपेड मीटर ही लगाए जाएंगे बस ऐसे मामलों में अतिरिक्त शुल्क नहीं देना होगा।

इस फैसले को लेकर उपभोक्ता संगठनों ने नाराज़गी जताई है। राज्य विद्युत उपभोक्ता परिषद ने आदेश को असंवैधानिक बताते हुए कहा है कि इससे गरीब और मध्यम वर्ग पर अनावश्यक आर्थिक बोझ पड़ेगा।

क्या है स्मार्ट प्रीपेड मीटर?
इन मीटरों में उपभोक्ताओं को पहले से ही बिजली के लिए रिचार्ज कराना होगा। यानी मोबाइल की तरह ही पहले भुगतान और फिर बिजली का इस्तेमाल।

यह व्यवस्था बिजली चोरी और बकाया बिलों पर रोक लगाने के लिए लाई जा रही है, लेकिन आम जनता को अब इसकी कीमत चुकानी होगी।

खास खबर: बार गर्ल, शराब औऱ डान्स के कारण हुए दो पुलिसकर्मी सस्पेंड!