कानपुर: महानगर में जगह-जगह फैली गंदगी और उससे पनप रहे डेंगू-मलेरिया जैसे संक्रामक रोगों के खिलाफ शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। शास्त्री चौक चौराहा पर दर्जनों कार्यकर्ता मच्छरदानियाँ लेकर पहुँचे और स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम तथा जिला प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।
इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व एआईसीसी सदस्य विकास अवस्थी और प्रदेश महासचिव जेपी पाल ने किया। प्रदर्शन में दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए, जिन्होंने हाथों में तख्तियाँ उठाकर अधिकारियों की लापरवाही पर सवाल खड़े किए।
प्रदर्शन के दौरान विकास अवस्थी ने कहा कि नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग की अनदेखी ने शहर की हालत बद से बदतर कर दी है।
जगह-जगह कूड़े के ढेर, नालियों में जमा पानी और छिड़काव की व्यवस्था न होने से लोग बीमारी के दलदल में फँस गए हैं। उन्होंने मांग की कि तुरंत दवाओं का छिड़काव कराया जाए और शहर भर में बीमारियों की रोकथाम हेतु स्वास्थ्य जांच शिविर लगाए जाएं।
प्रदेश महासचिव जे.पी. पाल ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन अब भी नहीं जागा तो कांग्रेस कार्यकर्ता शहर में बड़ा जन आंदोलन करेंगे। उन्होंने कहा कि हालात और बिगड़े तो अधिकारी घर से बाहर निकलना मुश्किल समझेंगे, क्योंकि कांग्रेस कार्यकर्ता उनका घेराव करेंगे।
विरोध में कई कांग्रेसी नेता रहे मौजूद..
विरोध प्रदर्शन में पीसीसी सदस्य संजीव मिश्रा, बृजेश तिवारी, रमाकांत शर्मा, मोनू शुक्ला, अनुराग पाल, रत्नेश गुप्ता, अमित सम्भा, अखिलेश गोयल, सोनू सचान समेत दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि यह विरोध तब तक जारी रहेगा जब तक शहर की सफाई व्यवस्था सुधर नहीं जाती और डेंगू-मलेरिया जैसी बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं हो जाता।
खास खबर: 21 साल की उम्र में नौकरी मिले न मिले लेकिन बियर पीने का लाइसेंस जरूर मिल जाएगा।













