लखनऊ- यूपी में स्मार्ट प्रीपेड मीटर (Smart Prepaid Meter) उपभोक्ताओं के लिए एक राहत भरी खबर है की अब स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाए जाने के बाद उपभोक्ताओं की पुरानी जमा सिक्योरिटी मनी उन्हें वापस मिल जाएगी। यह रकम या तो उनके बकाया बिल में समायोजित होगी या फिर सीधे उनके प्रीपेड खाते में जुड़ जाएगी।
उदाहरण के लिए अगर किसी उपभोक्ता के पुराने मीटर की सिक्योरिटी मनी 700 रुपये है और उसका पुराने मीटर पर बकाया बिल 2,000 रुपये है, तो नया स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाने पर उसे सिर्फ 1,300 रुपये ही चुकाने होंगे।
बिजली उपभोक्ता अपने पुराने पोस्टपेड बिल का भुगतान एकमुश्त या किस्तों में कर सकते हैं। इसके लिए विभागीय काउंटर, यूपीपीसीएल स्मार्ट कंज्यूमर ऐप, www.uppcl.org, PayTM, G-Pay और जनसुविधा केंद्र जैसे माध्यम उपलब्ध हैं।
प्रीपेड (Smart Prepaid Meter) मीटर पर सस्ती बिजली-
मुख्य अभियंता (लखनऊ सेंट्रल) रवि अग्रवाल ने बताया कि स्मार्ट प्रीपेड मीटर पर उपभोक्ताओं को निर्धारित टैरिफ दरों पर 2% की छूट मिलेगी। यानी प्रीपेड मीटर से बिजली थोड़ी सस्ती हो जाएगी। हालांकि, अगर बकाया का एकमुश्त भुगतान नहीं किया जाता है तो उस पर ब्याज लगेगा।
घरेलू उपभोक्ताओं (एलएमवी-1 श्रेणी) पर 10% से 25% तक ब्याज प्रत्येक रिचार्ज पर लगेगा।
अन्य श्रेणी के उपभोक्ताओं पर हर रिचार्ज से 25% राशि बकाये में स्वतः समायोजित हो जाएगी।
कनेक्शन कटने से पहले तीन बार अलर्ट-
प्रीपेड उपभोक्ताओं को हर महीने की शुरुआत में एसएमएस से उनके बचे बैलेंस और पुराने बकाए की जानकारी दी जाएगी। रिचार्ज बैलेंस 30%, 10% और शून्य होने पर भी तीन बार अलर्ट मिलेगा।
खास खबर– इस आम में ऐसा क्या खास था कि इसे देख मुस्कुरा पड़े थे सीएम योगी ?
इसके अलावा हर रिचार्ज, बिल भुगतान और कनेक्शन कटने से पहले भी एसएमएस भेजा जाएगा। उपभोक्ता अपने बैलेंस की जानकारी मीटर (Smart Prepaid Meter) के डिस्प्ले और मोबाइल ऐप पर भी देख सकते हैं।
शाम 6 से सुबह 8 बजे तक नहीं कटेगा कनेक्शन-
प्रीपेड मीटर वाले उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए शाम 6 बजे से सुबह 8 बजे तक कनेक्शन नहीं काटा जाएगा। इसी तरह रविवार और सरकारी छुट्टियों पर भी कनेक्शन नहीं काटा जा सकेगा। प्रीपेड मीटर लगने के बाद उपभोक्ता को शुरुआत में 30 दिन का ग्रेस पीरियड मिलता है। अगर बैलेंस खत्म हो जाता है, तो भी उपभोक्ता को तीन दिन का अतिरिक्त समय (इमरजेंसी क्रेडिट) दिया जाएगा, ताकि अचानक बिजली कटने से उपभोक्ता को परेशानी न हो।
रिपोर्टिंग– टीम द मीडिया वॉइस













