The Media Voice

त्यौहारों पर योगी सरकार का तोहफा, जनरथ से वोल्वो तक, अब सस्ती होगी सफ़र की दूरी!

लखनऊ। त्यौहारों को देखते हुए उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने यात्रियों को राहत देते हुए एक बड़ा फैसला लिया है। प्रदेश सरकार ने सभी वातानुकूलित (AC) बसों के किराए में 10 प्रतिशत तक की कटौती की घोषणा की। सरकार का मानना है कि इस निर्णय से आम जनता को किफ़ायती और आरामदायक यात्रा सुविधा मिलेगी और यात्रियों की जेब पर अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ेगा।

इस निर्णय के बाद यात्रियों में उत्साह देखने को मिल रहा है। लोगों ने सरकार की इस घोषणा का स्वागत करते हुए कहा कि त्योहारों के समय जब यात्रा की मांग बढ़ जाती है, ऐसे समय में किराए में कमी होना वास्तव में राहत की बात है।

किन बसों पर लागू होगी रियायत ?

उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) के अनुसार यह छूट जनरथ, पिंक, शताब्दी, वोल्वो और एसी स्लीपर बस सेवाओं पर लागू होगी। हालांकि, यह राहत केवल पुरानी पंजीकृत वातानुकूलित बसों पर ही दी जाएगी। 1 जनवरी 2024 के बाद रजिस्टर्ड हुई नई एसी बसों पर यह छूट लागू नहीं होगी।

राहत के बाद क्या होंगी नई दरें ?

10 प्रतिशत किराया कटौती के बाद एसी बसों का किराया इस प्रकार तय किया गया है..

3×2 बस सेवा: 1.45₹ प्रति किलोमीटर

2×2 बस सेवा: 1.60₹ प्रति किलोमीटर

वोल्वो बसें (उच्च श्रेणी): 2.30₹ प्रति किलोमीटर

वातानुकूलित स्लीपर: 2.10₹ प्रति किलोमीटर

परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने इस निर्णय की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य यात्रियों को किफ़ायती और सुरक्षित यात्रा विकल्प उपलब्ध कराना है। उन्होंने यह भी बताया कि निगम के ड्राइवरों और कंडक्टरों को यात्रियों से बेहतर व्यवहार करने और अधिक यात्रियों को आकर्षित करने के लिए विशेष परामर्श दिया जा रहा है।

Also Read this: आखिर क्यों भाजपा नेत्री अपर्णा विष्ट की मां पर कसा यूपी पुलिस का शिकंजा ?

परिवहन मंत्री ने कहा कि सरकार यह भी सुनिश्चित करेगी कि इस नई रियायत से बस निगम के राजस्व पर कोई नकारात्मक असर न पड़े।

इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता के लिए लगातार काम कर रही है। साथ ही उन्होंने दोहराया कि महिलाओं के खिलाफ अपराध दर को कम करना सरकार की शीर्ष प्राथमिकता है।