आगरा: आगरा के थाना सिकंदरा में पुलिस ने एक युवक से दो लाख रुपये की रंगदारी मांगने के आरोप में एटा की एक महिला को जेल भेजा है। महिला पर आरोप है कि पूर्व में महिला ने एक युवक के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज कराया था। केस में अंतिम रिपोर्ट लगा दी गई। लेकिन बाद में महिला के खिलाफ रंगदारी मांगने का केस दर्ज हुआ था। फिलहाल उसका साथी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में लगी है।
एटा की रहने वाली एक महिला ने अप्रैल 2024 में सिकंदरा थाने में योगेंद्र सिंह के खिलाफ जहरखुरानी, जान से मारने की धमकी, सामूहिक दुष्कर्म और रंगदारी की धारा में केस दर्ज कराया था। एसीपी हरीपर्वत विनायक भोसले ने बताया कि विवेचना में साक्ष्य जुटाए गए। इस पर महिला के लगाए गए आरोपों की पुष्टि नहीं हो सकी। इस आधार पर अंतिम रिपोर्ट लगा दी गई। उधर, योगेंद्र के परिवार के यदुवेंद्र सिंह ने महिला और उसके दोस्त नितिन उर्फ पंकज उपाध्याय पर रंगदारी मांगने की धारा में केस दर्ज कराया। इसकी पुलिस ने विवेचना की।
शाहजहांपुर निवासी यदुवेंद्र का कहना था कि भतीजा योगेंद्र वर्ष 2021 में एटा डायट में बीटीसी कर रहा था। वह एक मकान में किराये पर रहता था। उसी मकान में महिला भी रहा करती थी, जान पहचान हो जाने से वो महिला रुपये मांगकर ले जाती थी लेकिन बाद में वह लाखों की मांग करने लगी। वह वो नहीं दे सका, इस पर उसने जेल भिजवाने की धमकी दी।
महिला की मदद उसका दोस्त नितिन किया करता था। वह दो लाख रुपये मांग रहे थे। पुलिस ने साक्ष्य संकलन कर महिला और उसके दोस्त को आरोपी बनाया। दोनों के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी हो गए, मगर वो पकड़े नहीं जा सके। महिला सिकंदरा के बजरंग नगर में रह रही थी। मुखबिर की सूचना पर उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। उसके साथी की तलाश की जा रही है।
पूर्व में भी पकड़ी गई है महिला:
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि महिला पूर्व में भी कई लोगों के खिलाफ एटा में छेड़छाड़ और दुष्कर्म के केस दर्ज करा चुकी है। इसकी जानकारी पुलिस को मिल गई थी। उन सभी मामलों को साक्ष्य के रूप में केस में शामिल किया गया है।