The Media Voice

आज़म ने बदली सियासी स्क्रिप्ट, मायावती की तारीफ कर मचा दी हलचल!

समाजवादी पार्टी (SP) के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री आजम खान ने बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सुप्रीमो मायावती की खुलकर तारीफ कर राजनीतिक गलियारों में नई हलचल पैदा कर दी है। आज़म खान ने कहा कि ‘मायावती बहुत बड़े जनसमूह की नायक हैं, मैं उनका बेहद सम्मान करता हूं। अगर मीडिया के जरिए कोई ऐसी बात उन तक पहुंची है जिससे उन्हें ठेस लगी हो, तो मुझे खेद है। मैं जब चाहूं, उनसे मुलाकात कर सकता हूं।’

अपने पुराने रिश्तों को याद करते हुए आजम खान ने कहा, मायावती की अहमियत मेरी नजर में कभी कम नहीं हुई। वह एक बड़ी सियासतदान हैं। जब वह रामपुर आई थीं तो मेरी मेहमान थीं। उन्होंने खुद महसूस किया होगा कि मेरा उनके साथ कितना आत्मीय संबंध है।

आज़म खान ने आगे कहा कि उनका कांशीराम से भी गहरा रिश्ता रहा है। वो सुबह चार बजे नमाज पढ़ने के बाद मेरे पास आते थे और हम एक घंटे तक बातचीत करते थे। मेरे उनके बड़ों से भी रिश्ते रहे हैं। ऐसा संभव ही नहीं कि मैं कोई ऐसी बात कहूं या करूं जिससे उन्हें दुख या शिकायत हो।

उन्होंने कहा कि मायावती ने उनके बारे में कोई गलत टिप्पणी नहीं की, इसलिए मैं उनका शुक्रिया अदा करता हूं। मैं जब चाहूं, उनसे मिल सकता हूं, यह मुलाकात जरूरी नहीं कि सियासी ही हो।

हालांकि जब मीडिया ने आजम खान से मायावती के हालिया बयान पर प्रतिक्रिया मांगी, तो उन्होंने सीधा जवाब देने से इनकार कर दिया। बोले उनके स्तर का जवाब उनके स्तर के लोग ही देंगे। मैं तो पिछले 8-10 साल से ऐसे हालात में हूं कि मुझे यह भी नहीं पता कि लखनऊ का कौन-सा पार्क अब किस हाल में है।

मायावती ने रैली में बिना नाम लिए पूर्व मंत्री आजम पर की थी टिप्पणी-

आपको बताते चलें कि लखनऊ में आयोजित बसपा की हालिया महारैली में मायावती ने बिना नाम लिए मंच से पूर्व मंत्री आजम खान पर इशारा किया था। उन्होंने कहा था कि कुछ विरोधी लोग अफवाहें फैला रहे हैं कि किसी दूसरी पार्टी के बड़े नेता ने मुझसे दिल्ली में मुलाकात की है। मैं किसी से छिपकर नहीं मिलती, खुले में मिलती हूं।

Also Read This: क्यों कार्यवाही हुई माफिया अतीक अहमद के लड़के को जेल ट्रांसफर करने वाली टीम पर ? 

गौरतलब है कि आज़म खान की जेल से रिहाई के बाद अखिलेश यादव से हुई मुलाकात के दौरान ऐसी अटकलें तेज थीं कि वह सपा छोड़कर बसपा का रुख कर सकते हैं, हालांकि आजम खान ने इन सभी अटकलों को विराम दे दिया था।

Reporting- The Media Voice