The Media Voice

तेजप्रताप की चेतावनी- मां का अपमान बर्दाश्त नहीं, होगा आंदोलन

पटना/  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां को लेकर अपशब्द कहे जाने के मामले ने एक बार फिर से बिहार की सियासत को गरमा दिया है क्यों कि इस बार आश्चर्यजनक रूप से इस विवाद पर राजद नेता तेजस्वी यादव के भाई औऱ पूर्व राजद नेता तेजप्रताप यादव बीजेपी के सुर में सुर मिलाते नजर आए हैं।

पटना में एक कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों के पूछने पर तेजप्रताप ने साफ कहा कि किसी भी मां का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने मांग की कि दोषी को तुरंत गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए और यदि कार्यवाही नहीं हुई तो आंदोलन छेड़ा जाएगा। तेजप्रताप ने यहां तक चेतावनी दी कि आंदोलन की शुरुआत उनके पुराने विधानसभा क्षेत्र महुआ से होगी। उन्होंने इस प्रकरण के लिए विधायक मुकेश रौशन को भी जिम्मेदार ठहराया।

दरअसल, मामला उस वायरल वीडियो से जुड़ा है जिसमें पातेपुर (वैशाली) की रैली के दौरान प्रधानमंत्री और उनकी मां को लेकर आपत्तिजनक शब्द कहे गए। यह रैली तेजस्वी यादव की ‘बिहार अधिकार यात्रा’ का समापन कार्यक्रम था। बीजेपी का आरोप है कि उस वक्त मंच पर तेजस्वी यादव मौजूद थे, लेकिन किसी ने भी आरोपी को रोकने की कोशिश नहीं की।

इसी मुद्दे पर केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने भी तेजस्वी को निशाने पर लिया, जबकि प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राजद और कांग्रेस से सार्वजनिक माफी की मांग रखी। बीजेपी और एनडीए के घटक दलों ने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

उधर पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। बावजूद इसके बीजेपी का आक्रामक रुख जारी है और अब इस मामले में तेजप्रताप यादव का रुख बिहार की सियासत को नया रंग और भाजपा को ताकत देता दिख रहा है।