लखनऊ: फर्जी वोटों के मामले को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आज प्रदेश मुख्यालय पर बागपत, गाजियाबाद और नोएडा के नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ बैठक के बाद आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा और चुनाव आयोग पर तीखे आरोप लगाए।
अखिलेश ने कहा कि सपा की जांच और शिकायतों में कुछ जगहों पर एक ही पते पर असामान्य संख्या में वोटरों के होने के प्रमाण मिले हैं। उन्होंने महोबा का संदर्भ देते हुए बताया कि वहां एक ही पते पर चार हज़ार से अधिक वोटर के नाम होने का विवरण मिला।

इसी प्रकार नोएडा में भी एक-एक पते पर सैकड़ों वोट दर्ज किए जाने के मामले सामने आए हैं। सपा प्रमुख ने कहा कि इन फर्जी वोटों का लाभ भाजपा ने उठाया और चुनावी समीकरण अपने पक्ष में कर लिए। उन्होंने कहा कि चुनाव में फर्जी वोटों की धांधली की शिकायत के बावजूद चुनाव आयोग ने कोई कार्यवाही नहीं की
प्रेस कॉन्फ्रेंस में यादव ने आरोप लगाते हुए कहा, ‘हमने चुनाव आयोग को फर्जी वोटों की शिकायतें दीं, पर कोई ठोस कार्यवाही नहीं हुई। भाजपा वालों ने चुनाव आयोग को जनता की नज़रों में ‘जुगाड़ आयोग’ बना दिया है।”
अखिलेश ने आरोप लगाया कि भाजपा समर्थक फर्जी आधार कार्ड बनाने के लिए मशीनें लाकर नकली दस्तावेज बनवा कर वोटिंग करवा रहे हैं और इन प्रक्रियाओं से उन्हें अनुचित फायदा उठाने का अवसर मिला है।
फर्जी वोटों को रोकने के लिए दिए कार्यकर्ताओं को निर्देश:
सपा अध्यक्ष ने इस समस्या को गंभीर रूप से लिया और पार्टी कार्यकर्ताओं को हिदायत दी कि हर बूथ पर मजबूत बी.एल.ए. (Booth Level Agent) बनाए जाएं, वोटर लिस्ट पर निगरानी रखें और किसी भी तरह के फर्जी वोट बनने न दें। उन्होंने कहा कि अब राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं के कंधों पर ज़िम्मेदारियाँ बढ़ गई हैं ‘वोट बनवाना, वोट बचाना, वोट बढ़वाना और वोट गिनवाना’ ताकि अपने वोट को सुरक्षित रखा जा सके।
Also Read This: सपा प्रमुख ने भाजपा पर क्यों लगाया गिरोह की तरह काम करने का आरोप ?
अखिलेश यादव ने स्पष्ट निर्देश दिए कि पार्टी संगठन मजबूत निगरानी रखेगा। विशेष रूप से उन शहरी इलाकों में जहाँ रजिस्ट्रेशन और दस्तावेज़ों के माध्यम से हेरफेर के आरोप लगे हैं। सपा कार्यकर्ता अपनी शिकायतों की पुष्टि के लिए संबंधित जगहों पर और अधिक तथ्य एकत्र करेंगे तथा स्थानीय प्रतिनिधियों को भी सतर्क रहने को कहा गया है।
रिपोर्टिंग– टीम द मीडिया वॉइस













