कानपुर। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से अपर पुलिस उपायुक्त पश्चिम कपिल देव सिंह के निर्देशन में थाना कल्याणपुर पुलिस व एंटीरोमियो टीम द्वारा मिशन शक्ति फेज 5.0 के तहत विशेष अभियान चलाया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत शत्रुघ्न बालिका इंटर कॉलेज, कल्याणपुर की छात्राओं को सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और सरकारी योजनाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। पुलिस अधिकारियों ने बालिकाओं को जागरूक करते हुए कहा कि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित सहायता पाने के लिए हेल्पलाइन नंबरों का प्रयोग करें।
इनमें 1090 (महिला हेल्पलाइन), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन), 1098 (चाइल्डलाइन), 112 (आपातकालीन सेवा), 181 (महिला हेल्पलाइन) और 1930 (साइबर फ्रॉड हेल्पलाइन) प्रमुख हैं।
अभियान के दौरान छात्राओं को UPCOP ऐप के उपयोग की भी जानकारी दी गई। इसमें ऑनलाइन शिकायत दर्ज करने, पुलिस सहायता प्राप्त करने और नागरिक सेवाओं से जुड़ी सुविधाओं के बारे में विस्तार से बताया गया, साथ ही उन्हें यह भी समझाया गया कि व्हाट्सएप, ट्विटर, फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सक्रिय रहकर वे सुरक्षा संबंधी अपडेट ले सकती हैं और अपनी समस्याएं साझा कर सकती हैं।

महिलाओं और बालिकाओं को राज्य सरकार द्वारा संचालित महिला कल्याणकारी योजनाओं और महिला सशक्तिकरण अभियानों से भी परिचित कराया गया। छात्राओं ने भी कई सवाल पूछे, जिनका समाधान पुलिस टीम ने सहज और व्यावहारिक ढंग से दिया।
कार्यक्रम के अंत में एंटीरोमियो टीम ने सभी बालिकाओं को आश्वस्त किया कि किसी भी परिस्थिति में पुलिस उनकी सुरक्षा और मदद के लिए सदैव तत्पर है। अपर पुलिस उपायुक्त पश्चिम कपिल देव सिंह कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य छात्राओं व महिलाओं में आत्मविश्वास जगाना, उन्हें निर्भीक बनाना और समाज में महिला सुरक्षा के संदेश को और सशक्त करना है।













