कानपुर। कानपुर कमिश्नरेट के थाना किदवई नगर के कंजड़नपुरवा इलाके में मादक पदार्थों की अवैध बिक्री की सूचनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस आयुक्त अखिल कुमार अधिकारियों संग क्षेत्र भ्रमण पर पहुंचे। इस दौरान उनके साथ डीसीपी साउथ, एडीसीपी साउथ, एसीपी बाबूपुरवा और थाना प्रभारी किदवई नगर भी मौजूद रहे।
पुलिस आयुक्त ने स्थानीय लोगों से बातचीत कर नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी और उनसे अपील की कि इस अवैध कारोबार को रोकने में पुलिस का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि नशा केवल परिवार ही नहीं बल्कि पूरे समाज को खोखला करता है।
ऐसे में अगर कहीं भी मादक पदार्थों की बिक्री होती दिखे तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। उन्होंने यह भी कहा कि सिर्फ पुलिस की कार्यवाही काफी नहीं है, समाज को भी इस दिशा में आगे आना होगा और युवाओं को समझा-बुझाकर सही रास्ते पर लाना होगा।
इसी क्रम में लोगों को ऑपरेशन हौंसला के बारे में भी बताया गया। पुलिस आयुक्त ने कहा कि अपराध का रास्ता छोड़कर मुख्यधारा से जुड़ने वालों को सरकार और पुलिस दोनों स्तर पर हर संभव मदद दी जाएगी।
भ्रमण के दौरान कानपुर पुलिस कमिश्नर ने छोटे बच्चों से भी बातचीत की। उन्होंने उनकी पढ़ाई-लिखाई और दिनचर्या के बारे में पूछताछ की और उन्हें टॉफियां बांटीं। पुलिस आयुक्त को अपने बीच पाकर बच्चे बेहद उत्साहित हुए और उन्होंने कहा कि वे भी बड़े होकर पुलिस अधिकारी बनना चाहते हैं।
इसके अलावा पुलिस आयुक्त ने मौके पर ही डीसीपी दक्षिण को निर्देशित किया कि क्षेत्र में नशे के कारोबार की रोकथाम के लिए ठोस कार्ययोजना बनाई जाए और इस अवैध धंधे में शामिल लोगों के खिलाफ त्वरित एवं सख्त कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
खास खबर: कानपुर कमिश्नरेट ने किया वादा, हर बेटी होगी सुरक्षित, हर महिला सशक्त













