प्रयागराज: औद्योगिक थाना क्षेत्र की पुलिस ने शुक्रवार देर रात एक शातिर बदमाश को मुठभेड़ के दौरान दबोच लिया। जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लग गई, जिसके बाद पुलिस टीम ने घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।

औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी विपिन कुमार पाल शुक्रवार की देर रात अपनी पुलिस टीम के साथ सरस्वती हाइटेक सिटी मवैया की ओर जाने वाले पावर हाउस के पास देर रात चेकिंग अभियान चला रहे थे, तभी एक संदिग्ध अपाचे बाइक पर दो व्यक्ति पुलिस को देखकर तेजी से भागने लगे।
पुलिस ने जब उसे रुकने का इशारा किया तो उन्होंने रुकने के बजाये पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी, पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक गोली बदमाश के पैर में लगी और वह मौके पर घायल होकर गिर पड़ा, उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया और इलाज के लिए अस्पताल भेजा। पकड़े गए बदमाश की पहचान अनुभव रावत निवासी गयासुद्दीन, ट्रांसपोर्ट नगर, धूमनगंज के रूप में हुई है। उसके खिलाफ लूट, छिनैती और अन्य गंभीर धाराओं में दर्जनों मुकदमे लंबित हैं।
बदमाश के पास से एक अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस और अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि बरामद बाइक भी चोरी की हो सकती है, जिसकी पुष्टि की जा रही है।
पुराना आपराधिक इतिहास है बदमाश का..
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बदमाश अनुभव रावत के खिलाफ लगभग एक दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ प्रयागराज सहित बंदायू और मऊ में 11 मुकदमें दर्ज हैं।
इनमें लूट, छिनैती, चोरी और अवैध असलहे रखने के मामले प्रमुख हैं। वह लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बचता फिर रहा था।
खास खबर: कानपुर में मच्छरदानी लेकर सड़क पर निकल पड़े कांग्रेसी ?













