प्रयागराज: सीएमपी डिग्री कॉलेज, प्रयागराज के विधि विभागाध्यक्ष प्रो.डॉ.शिव शंकर सिंह को भारत सरकार के राजभाषा विभाग की ओर से प्रतिष्ठित राजभाषा गौरव पुरस्कार 2024 से सम्मानित किया गया।
उन्हें यह सम्मान उनकी उल्लेखनीय कृति “बौद्धिक संपदा अधिकार” के लिए विधि श्रेणी में द्वितीय पुरस्कार स्वरूप प्रदान किया गया।
यह सम्मान गुजरात के गांधीनगर में हुए पांचवें अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन व हिंदी दिवस समारोह में प्रदान किया गया, जहां देश भर के साहित्यकारों, शिक्षाविदों और विधि विशेषज्ञों ने भागीदारी की।
समारोह में केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थिति दर्ज कराते हुए प्रो.डॉ. शिव शंकर सिंह को पुरस्कार और प्रशस्ति-पत्र भेंट किया। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद दिनेश शर्मा समेत अनेक अतिथि भी मौजूद रहे।
कौन हैं प्रो.डॉ.शिव शंकर सिंह ?
प्रो. शिव शंकर सिंह, इलाहाबाद विश्वविद्यालय से संबद्ध सीएमपी डिग्री कॉलेज में लंबे समय से विधि विभाग का नेतृत्व कर रहे हैं। शिक्षण कार्य के साथ-साथ उन्होंने हिंदी माध्यम में विधिक साहित्य को बढ़ावा देने की दिशा में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
अब तक उनकी 10 पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं—जिनमें 5 हिंदी एवं 5 अंग्रेज़ी भाषा में हैं, साथ ही वे 40 से अधिक शोध पत्र भी विभिन्न पत्रिकाओं और संकलनों में प्रकाशित कर चुके हैं।
सम्मान प्राप्ति पर अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए प्रो. सिंह ने कहा..”यह पुरस्कार मेरे लिए केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि मेरे विद्यार्थियों, सहकर्मियों और शुभचिंतकों के सहयोग का परिणाम है।
हिंदी में विधिक साहित्य का विकास समय की आवश्यकता है और इसे आगे बढ़ाना मेरा कर्तव्य है। यह सम्मान मुझे और अधिक जिम्मेदारी निभाने की प्रेरणा देता है।”
प्रो. शिव शंकर सिंह की इस उपलब्धि से न केवल सीएमपी डिग्री कॉलेज परिवार, बल्कि पूरे प्रयागराज की शैक्षणिक दुनिया गौरवान्वित हुई है।
इसे भी पढ़िए: प्रयागराज के औद्योगिक थाना क्षेत्र में जब बदमाश आ गए पुलिस के सामने ?













