प्रयागराज। माफिया अतीक अहमद के बेटे अली अहमद को प्रयागराज की नैनी सेंट्रल जेल से झांसी जेल स्थानांतरित किए जाने के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में हुई गंभीर चूक पर बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया गया है। इस पूरे मामले में इंस्पेक्टर अशोक कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। साथ ही उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
दरअसल, अली अहमद को जब झांसी जेल ले जाया जा रहा था, उस दौरान उसने रास्ते में मीडिया से बातचीत की जो कि सुरक्षा प्रोटोकॉल के मुताबिक गंभीर उल्लंघन माना जाता है। यात्रा के दौरान किसी भी बंदी को मीडिया से बात करने की अनुमति नहीं होती है, फिर भी अली का मीडिया को खुलकर बयान देना सुरक्षा अधिकारियों की सतर्कता पर सवाल खड़े करता है।
मीडिया से बात करते हुए अतीक अहमद के बेटे अली अहमद ने अपनी जान को खतरा बताया था। उसने कहा की..
ये मेरा अल्लाह जानता है कि मैं यहां सुरक्षित रहूंगा या नहीं। मुख्यमंत्री जी से बस यही कहना है कि जो होना था, वो हो गया, लेकिन अब कुछ लोग सरकार के नाम पर मुझे बेवजह परेशान कर रहे हैं, उनसे बचा लीजिए।
अली ने यह भी आरोप लगाया कि पूरी यात्रा के दौरान उसे पानी तक नहीं दिया गया। इस बयान ने न केवल जेल प्रशासन बल्कि सुरक्षा एजेंसियों को भी कठघरे में खड़ा कर दिया है।
अतीक अहमद के बेटे के जेल ट्रांसफर में सुरक्षा चूक पर सख्त कार्यवाही-
सूत्रों के अनुसार, अली अहमद की इस बयानबाजी को सुरक्षा में लापरवाही और गोपनीयता के उल्लंघन के तौर पर देखा जा रहा है। जेल मैनुअल के मुताबिक, किसी भी बंदी को कोर्ट या जेल ट्रांसफर के दौरान मीडिया से बातचीत की अनुमति नहीं होती, ताकि कानून-व्यवस्था की स्थिति प्रभावित न हो।
इस घटना के बाद प्रशासन ने पूरा मामला गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं। निलंबित इंस्पेक्टर के अलावा, सुरक्षा दल में शामिल अन्य पुलिसकर्मियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में यह संकेत मिले हैं कि एस्कॉर्ट टीम ने मीडिया से बातचीत रोकने में तत्परता नहीं दिखाई, जिससे यह स्थिति बनी।
Also Read This: असद्दुदीन ओवैसी ने भरे मंच से किसे कह दिया ‘हिजड़ा’…?
अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जा जाएगी। वहीं, जेल प्रशासन ने भी अपनी ओर से पूरे प्रकरण की आंतरिक समीक्षा शुरू कर दी है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
Reporting- The Media Voice













