The Media Voice

लालू परिवार में घमासान, रोहिणी को लेकर तेजस्वी भावुक!

बिहार/पटना। बिहार की सियासत में इन दिनों लालू प्रसाद यादव का परिवार सुर्खियों में है। विधानसभा चुनाव से ठीक पहले राष्ट्रीय जनता दल (RJD) में उठापटक तेज हो गई है। पार्टी से बाहर किए जाने के बाद लालू प्रसाद के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने नई पार्टी का गठन कर दिया, वहीं लालू प्रसाद की बेटी रोहिणी आचार्या ने सोशल मीडिया पर अपने परिजनों और पार्टी नेताओं को अनफॉलो कर सभी को चौंका दिया।

इसी बीच नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने अपनी बहन रोहिणी आचार्या को लेकर एक बेहद भावुक बयान दिया। उन्होंने कहा कि रोहिणी की कुर्बानी की कोई तुलना नहीं की जा सकती और उनकी इज़्ज़त पर उंगली उठाना किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

तेजस्वी यादव ने कहा ‘रोहिणी दी मेरी बड़ी बहन हैं। उन्होंने मुझे पाला-पोसा और बड़ा किया है। उन्होंने जो त्याग और बलिदान दिया है, उसकी मिसाल ढूंढना मुश्किल है। आज के दौर में शायद ही कोई ऐसा हो जो अपने परिवार के किसी सदस्य को जीवनदान देने के लिए अपनी किडनी दान करे। छपरा की जनता चाहती थी कि उन्हें सारण से टिकट मिले और लालू जी ने जनता की मांग के अनुसार उन्हें प्रत्याशी बनाया। रोहिणी दी ने कभी व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा नहीं दिखाई, न टिकट पाने की, न किसी और को दिलाने की।

रोहिणी आचार्य पर सम्राट चौधरी के बयान पर भड़के तेजस्वी-

डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी पर सीधा हमला बोलते हुए तेजस्वी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी परिवार और समाज में बहन-बेटियों की इज्ज़त करना नहीं जानती। उन्होंने कहा, इतनी बड़ी कुर्बानी के बावजूद सम्राट चौधरी ने कहा कि लालू जी ने किडनी लेकर बेटी को टिकट दिया। पिता और बेटी के रिश्ते पर इस तरह का लांछन लगाना भाजपा की संस्कृति को उजागर करता है। यह बेहद शर्मनाक है।

तेजस्वी ने भाजपा समर्थकों पर आरोप लगाते हुए कहा कि ‘भाजपा समर्थित लोग और ट्रोलर लगातार उनकी बहन और परिवार पर आपत्तिजनक टिप्पणियां कर रहे हैं। इस तरह का व्यवहार निंदनीय है।’

Also Read This: बिहार में तेज प्रताप ने किसे दी चेतावनी ?

आरजेडी नेता तेजस्वी ने यह भी कहा कि रोहिणी आचार्या हमेशा पार्टी को मजबूत करने और उन्हें आगे बढ़ाने में लगी रही हैं। उन्होंने कभी राज्यसभा या लोकसभा में जाने की इच्छा नहीं जताई। तेजस्वी ने याद दिलाया कि सारण की जनता खुद चाहती थी कि जिसने लालू जी को जीवनदान दिया है, वह चुनाव लड़े। इसलिए उन्हें प्रत्याशी बनाया गया।

Reporting – The Media Voice