The Media Voice

दिल्ली में हुए धमाके की लपटें लखनऊ तक, डॉक्टर, मदरसा और दहशत का नया तिलिस्म ?

Delhi: सोमवार शाम हुए दिल्ली धमाके की तपिश अब उत्तर प्रदेश तक पहुंच गई है। जांच एजेंसियों की नजरें लखनऊ और लखीमपुर पर टिक गई हैं, जहां से आतंकी नेटवर्क के तार जुड़ते नज़र आ रहे हैं। अहमदाबाद में पकड़े गए तीन संदिग्धों में एक लखीमपुर खीरी के निघासन इलाके का निकला, जबकि दूसरी ओर लखनऊ की एक महिला डॉक्टर को जम्मू-कश्मीर पुलिस ने हिरासत में लिया है। दोनों कड़ियाँ मिलकर सुरक्षा एजेंसियों की नींद उड़ा चुकी हैं।

लखीमपुर का सोहेल, गुजरात एटीएस के जाल में: गुजरात एटीएस ने अहमदाबाद से आईएसकेपी (ISKP) मॉड्यूल के तीन संदिग्धों को पकड़ा। इन्हीं में एक है मोहम्मद सोहेल जो उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी के सिंगाही थाना क्षेत्र के झाला गांव का निवासी है। तीन साल पहले वह मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना कस्बे में जामिया दारुल उलूम अजीजिया नामक मदरसे में हाफिज की पढ़ाई करने गया था।

तो क्या मदरसे की दोस्ती ने रचा जाल: सोहेल के साथ पकड़े गए दूसरे आरोपी सुलेमान शेख से सोहेल की जान पहचान मुजफ्फरनगर के उसी मदरसे में हुई थी। जाँच एजेंसियों का शक है कि इन्हीं दोनों के जरिये यूपी का रास्ता गुजरात में सक्रिय आतंकी मॉड्यूल तक खुला।

लखनऊ की डॉक्टर शाहीन पर जांच का शिकंजा: जम्मू-कश्मीर पुलिस ने लखनऊ की लालबाग निवासी डॉक्टर शाहीन शाहिद को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि उनकी कार से श्रीनगर में राइफल और जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस का दावा है कि शाहीन और मुजामिल एक-दूसरे को जानते थे और कई बार साथ देखे गए थे। अब जांच इस बात पर केंद्रित है कि क्या शाहीन को इस पूरे खेल की भनक थी या वो खुद भी इस साजिश की कड़ी थीं।

दिल्ली धमाके के बाद योगी सरकार सख्त, यूपी में हाई अलर्ट:

दिल्ली लाल किला गेट मेट्रो स्टेशन के बाहर हुए धमाके के बाद यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ा निर्देश जारी किया है। डीजीपी से विस्तृत रिपोर्ट तलब की गई है और पूरे प्रदेश को हाई अलर्ट पर रखा गया है। योगी ने साफ कहा है ‘लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी जिलों में पुलिस को संवेदनशील इलाकों में पैनी निगरानी और सघन पेट्रोलिंग के आदेश दिए गए हैं।

Report The Media Voice

Also Read This- सूबे के बिजली चोरों को लगेगा यूपी पुलिस का करंट, कैसे ?