The Media Voice

विधायक को वादा याद दिलाना पड़ा महंगा, नकाबपोशों ने लाठी-डंडों से तोड़ी हड्डियां!

राजस्थान/ अपने विधायक या सांसद के किये वादे को याद दिलाने से या सवाल पूछने से पहले राजस्थान के सूरज को याद कर लीजिएगा, क्यों कि सूरज ने भी अपने विधायक को उनका वादा याद दिलाया तो बदले में दोनों पैर तुड़वा बैठा। चित्तौड़गढ़ के कपासन 30 वर्षीय सूरज माली ने कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर एक रील डालकर बीजेपी विधायक अर्जुनलाल जीनगर को कपासन के राजराजेश्वर सरोवर से पानी लाने के अधूरे वादे की याद दिलाई थी।

रील वायरल होने के बाद सूरज को धमकियां मिलनी शुरू हुईं। बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन जब सूरज फैक्ट्री से काम खत्म कर लौट रहा था, तभी एक स्कॉर्पियो में आये नकाबपोश हमलावरों ने सूरज पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।

नकाबपोशों के जानलेवा हमले में सूरज के दोनों पैरों की हड्डियां बुरी तरह टूट गईं। हालत गंभीर होने पर उन्हें कपासन से चित्तौड़गढ़ जिला अस्पताल, फिर उदयपुर और अंततः अहमदाबाद रेफर किया गया।

इस हमले के बाद स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस हमले के पीछे बीजेपी धायक अर्जुनलाल जीनगर और उनके समर्थकों का हाथ है। हालांकि, विधायक ने इन आरोपों से साफ इंकार किया है और कहा कि उनका इस घटना से कोई लेना-देना नहीं है। सवाल पूछना सूरज का हक है। ये सब विपक्ष की साजिश है।

खास खबर- बिहार चुनाव से पहले ही टूट सकता है महागठबंधन ?

घटना के बाद कपासन और आसपास के क्षेत्रों में गुस्से का माहौल है। सैकड़ों की संख्या में लोग और कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए। रैलियां निकाली गईं और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी हुई।

एडिशनल एसपी सरिता सिंह का कहना है कि हमला करने वाले दोषियों को जल्द पकड़ने की कोशिश की जा रही है, लेकिन तीन दिन से ज्यादा बीत जाने के बाद भी हमलावर पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।

Reporting–  The Media Voice