मिर्जापुर: ड्रमंडगंज थाना पुलिस ने तीन युवकों को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ पकड़ लिया। यह गिरफ्तारी मिर्जापुर-रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग पर ड्रमंडगंज घाटी के बड़का मोड़ घुमान से हुई।
एसआई रामविशाल, हेड कांस्टेबल संजय यादव, कांस्टेबल पावस कुमार और दीपक कुमार वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। उसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि तीन युवक बिना नंबर की अपाचे बाइक से मध्यप्रदेश की ओर से ड्रमंडगंज की तरफ आ रहे हैं।
सूचना पर पुलिस ने बड़का मोड़ पर घेराबंदी कर दी। कुछ देर बाद जैसे ही बाइक सवार युवक पहुंचे और पुलिस को देखा तो घबराकर बाइक मोड़ने लगे। लेकिन पुलिस टीम ने दौड़ाकर तीनों को पकड़ लिया।पुलिस द्वारा गाड़ी के कागज मांगे जाने पर तीनों युवक कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।
तलाशी में उनके पास से मोबाइल फोन और चार–पांच चाबियों का गुच्छा मिला। सख्ती से पूछताछ करने पर युवकों ने कबूल किया कि उन्होंने कुछ दिन पहले प्रयागराज के दारागंज इलाके से यह बाइक चोरी की थी और नंबर प्लेट निकालकर नदी में फेंक दिया था।
पकड़े गए युवकों की पहचान अवनीश सिंह उर्फ अभिषेक सिंह (निवासी सिपहुआ), अवनीश सिंह (निवासी सैंम्हा) और राज सिंह (निवासी मानपुर बड़ोखर) तीनों थाना कोरांव, जिला प्रयागराज के रूप में हुई।
ड्रमंडगंज थाना प्रभारी ब्रह्मदीन पांडेय ने बताया कि चोरी की बाइक के साथ गिरफ्तार किए गए तीनों युवकों पर मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है।
Also Read this: बदमाशों से आमने सामने की मुठभेड़ में बदमाश को अहसास करवाया की ये यूपी पुलिस है!













