हरदोई। उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में सवायजपुर थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल पक्ष पर विवाहिता को दहेज के लिए प्रताड़ित करने और उसकी हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि सोशल मीडिया पर वायरल एक कथित वीडियो भी जांच के दायरे में है।
2023 में हुई थी शादी, अब मौत पर उठे सवाल ?
मृतका के पिता गजोधर, निवासी ग्राम सिमौर थाना पिहानी, ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनकी पुत्री सुभाषिनी की शादी 22 जून 2023 को सवायजपुर निवासी अभिजीत शर्मा के साथ हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार किया गया था। उन्होंने अपनी सामर्थ्य के अनुसार विवाह में पर्याप्त दान-दहेज भी दिया था। परिजनों के मुताबिक, शादी के कुछ महीने बाद ही सुभाषिनी को मायके से और दहेज लाने के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा। मृतका के परिजनों का आरोप है कि ससुराल पक्ष लखनऊ में एक प्लॉट और 20 लाख रुपये नकद की मांग कर रहा था और मांग पूरी न होने पर सुभाषिनी के साथ मारपीट की जाती थी और उसे मानसिक रूप से परेशान किया जाता था। परिजनों का दावा है कि सुभाषिनी ने कई बार फोन पर अपनी पीड़ा उनसे साझा की थी।
हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
हत्या कर शव को फंदे से लटकाया गया..
परिजनों का आरोप है कि 3 अगस्त की रात सुभाषिनी की हत्या कर दी गई और घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटका दिया गया। उनका कहना है कि घटना की जानकारी भी उन्हें सीधे ससुराल पक्ष से नहीं, बल्कि पुलिस के माध्यम से मिली।
पुलिस ने शुरू की गहन जांच..
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच निष्पक्ष तरीके से की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्य, वायरल वीडियो और अन्य सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। हिरासत में लिए गए दो लोगों से पूछताछ जारी है।







