बिहार/ महुआ में बिहार अधिकार यात्रा के दौरान राजद नेता तेजस्वी यादव द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी माता के प्रति कथित अभद्र टिप्पणी किए जाने का मामला अब सियासी तूल पकड़ चुका है। इस पर बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राजद और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है।
प्रेस वार्ता में पत्रकारों से बातचीत करते हुए सम्राट चौधरी ने कहा कि महागठबंधन के नेताओं की कारगुजारियों से बिहार शर्मसार हो रहा है। यह तीसरी बार है जब प्रधानमंत्री और उनकी माता के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल किया गया है। इससे पहले दरभंगा में, फिर कांग्रेस के एक्स हैंडल से और अब महुआ में इस तरह की आपत्तिजनक टिप्पणी सामने आई है।
सम्राट चौधरी ने राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव को सीधे निशाने पर लेते हुए कहा –
“यह सब उनके इशारे पर हो रहा है। अपराधियों से गठजोड़ करने वाले लोग फिर से बिहार में जंगलराज लाना चाहते हैं। महागठबंधन के नेताओं की यही असली मंशा है।”
उप मुख्यमंत्री ने साफ चेतावनी दी कि अगर तेजस्वी यादव और राजद-कांग्रेस तुरंत क्षमायाचना नहीं करते तो भाजपा इस मामले में कानूनी कार्रवाई का रास्ता अपनाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी के वैशाली जिलाध्यक्ष को इस दिशा में पहल करने के लिए निर्देश दिए जाएंगे।
बिहार खास– पूर्व राजद नेता तेज प्रताप ने किसे दे डाली चेतावनी ?
सम्राट चौधरी ने कहा कि जब महागठबंधन सत्ता से बाहर रहते हुए ऐसी हरकत कर रहा है, तो सोचिए अगर वे सत्ता में आएंगे तो क्या हाल होगा..?
जनता सब देख रही है। बिहार के लोग समझ चुके हैं कि इनकी राजनीति केवल नफरत और अपराध पर टिकी है। भाजपा इसे कतई बर्दाश्त नहीं करेगी।
Team The Media Voice













