The Media Voice

‘विजन इंडिया प्लान’ से युवाओं के दिल और वोट, दोनों जीतने की तैयारी में सपा

लखनऊ। समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने यूपी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियां शुरू कर दी हैं। सपा सुप्रीमो ने ‘विजन इंडिया प्लान- डेवलप एसेंट’ लॉन्च कर दिया है। दावा है कि यह कार्यक्रम नई पीढ़ी के सपनों, समावेशी विकास और रोज़गार के अवसरों को केंद्र में रखकर बनाया गया है। अखिलेश का कहना है की नई पीढ़ी सबको साथ लेकर चलना चाहती है, सपा उसी सोच को राजनीतिक दिशा देगी।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि निवेश तब आता है जब सरकार सुविधाएं देने को तैयार हो। अपने कार्यकाल का उदाहरण देते हुए बोले जब सैमसंग यूपी आया, हमने उनकी ज़रूरतें समझीं और सुविधाएं दीं, नतीजा यह हुआ कि यूपी में बड़ा निवेश हुआ।

अखिलेश ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर अपना विजन डॉक्यूमेंट साझा करेंगे और जनता को सपा सरकार के कामों को फिर से याद दिलाएंगे। अखिलेश यादव ने बेरोज़गारी को सबसे बड़ा मुद्दा बताते हुए कहा कि इस समस्या से निपटने के लिए ठोस योजना तैयार की जा रही है। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि यूपी की पहली स्टार्टअप पॉलिसी समाजवादी सरकार के समय बनी थी और अब पार्टी युवाओं को उसी दिशा में फिर से प्रेरित करेगी।

बिहार चुनाव पर क्या कहा ?

बिहार चुनाव को लेकर सपा प्रमुख ने दावा करते हुए कहा कि भाजपा हार की ओर बढ़ रही है। उनके मुताबिक आधी सीटों पर गठबंधन आगे चल रहा है और दूसरे चरण के बाद बहुमत से भी आगे निकल जाएगा।

Also Read This: आखिर बसपा प्रमुख मायावती की तारीफ करके आजम खान क्या संदेश देना चाहते हैं ?
अखिलेश ने कहा कि सपा विभाजन की राजनीति के खिलाफ है और इंडिया का विजन लेकर आगे बढ़ रही है। विजन प्लान में किसानों और निवेशकों को भी जोड़ा गया है।

Report: The Media Voice