The Media Voice

हार-जीत से आगे निकला खेल, बच्चों की टीम ने जीता खुशियों वाला मैच

कानपुर। यूँ तो क्रिकेट मैच का रोमांच वैसे ही ज्यादातर लोगों के सिर चढ़ कर बोलता है लेकिन यदि कोई मैच ऐसा हो जिसमें हार-जीत से बढ़कर खुशी खोजना और बांटना ही जीत हो तो खेल का महत्व केवल खेल तक नहीं बल्कि उससे कहीं ऊपर हो जाता है। ऐसे खेल में जीतने वाला तो जीता हुआ होता ही है लेकिन हारने वाला भी जीतता ही है।

कुछ ऐसा ही एक मैच खुशियों वाला मैच खेला गया श्री रत्न शुक्ल इंटर कॉलेज के मैदान में। सामाजिक संस्था रियल सोशल हीरो फॉउंडेशन द्वारा आयोजित इस मैच में रियल सोशल हीरो टीम की ओर से आये ऐसे खिलाड़ी मैदान पर थे जिन्हें क्रिकेट का मैदान छोड़े एक से दो दशक बीत गए थे तो वहीं उनके सामने थे शैक्षिक एवं सामाजिक संस्था साहवेस के वे नन्हें खिलाड़ी जो खेलते तो हमेशा हैं लेकिन अपने हम उम्र साथियों के साथ।

निश्चित रूप से यह पहला मौका था साहवेसियन बच्चों के लिए जिसमें उन्होंने अपने पिता की उम्र के लोगों के साथ मैदान पर क्रिकेट के रूप में सिर्फ मैच नहीं बल्कि खुशियां खेलीं और न केवल खेली बल्कि बांटी और ढेरों खुशियां पायी भी।

हार-जीत से आगे बढ़कर हुआ मैच..

साहवेस टीम टॉस जीती तो टीम कैप्टन मोइन ने फील्डिंग का निर्णय लिया। रियल सोशल हीरो फाउंडेशन के खिलाड़ी बैटिंग के लिए मैदान पर उतरे जिसमें बारह ओवर में दीप चन्द्र और सुनीत की जबरजस्त बैटिंग के बावजूद साहवेस टीम के नन्हें लेकिन तेज तर्रार बॉलर यश, अस्तित्व और मोइन की तूफानी गेंदबाजी के चलते पूरी टीम इक्याशी रनों पर आल आउट हो गयी।

81 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी साहवेस की टीम ने तेरह ओवर में मात्र पांच विकेट देकर साहवेस की टीम ने खुशियों वाला मैच की ट्रॉफी अपने नाम कर ली। सर्वश्रेष्ठ बॉलर का खिताब साहवेस टीम से यश को मिला तो सर्वश्रेष्ठ बैट्समैन का खिताब रियल सोशल हीरो फाउंडेशन के खिलाड़ी सुनीत मिश्रा ने अपने नाम किया।

@realsocialherofoundation
(बेस्ट बैटमैन की ट्रॉफी सुनीत मिश्रा को और बेस्ट बॉलर की ट्राफी यश को देते जय मिश्रा)

रियल सोशल हीरो फाउंडेशन के संस्थापक अतुल तिवारी आक्रोश और उनकी टीम की ओर से साहवेस के संस्थापक सचिव धर्मेन्द्र कुमार सिंह को खुशियों वाले मैच का स्मृतिचिन्ह दिया गया। इस अवसर पर क्रिकेट के बहाने बच्चों और बड़ों के बीच के बड़े गैप को समाप्त कर बच्चों के साथ बच्चे बनकर मैदान पर आये रियल सोशल हीरो फाउंडेशन के सदस्यों अतुल आक्रोश, दीपचंद्र यादव, रामेंद्र अवस्थी, अजय प्रताप सिंह, प्रमोद शर्मा, पवन जग्गी, योगेंद्र यादव, सुनीत मिश्रा, नीरज लोहिया, वरुण पांडेय, सुधांशु, दुर्गेश अवस्थी, को साहवेस के बच्चों ने आभार व्यक्त किया।

इस अनोखे क्रिकेट मैच के दौरान डेल्टा हॉस्पिटल के संचालक डॉक्टर शैलेष कुमार एवं वरिष्ठ समाजसेवी जय मिश्रा, गौरव यादव भी उपस्थित रहे।

ये खबर पढ़ी क्या आपने ?

The Media Voice.