देश के बड़े औद्योगिक घरानों में शामिल JSW ऑटोमोबाइल कंपनी जल्द ही अपनी पहली SUV बाजार में उतारने की तैयारी कर रही है। कंपनी ने अपनी अपकमिंग SUV का डिजाइन पेटेंट भारत में फाइल कर दिया है। यह नई SUV चीन की ऑटो कंपनी के मॉडल पर आधारित होगी।
बताया जा रहा है कि पिछले सप्ताह कंपनी ने डीलर्स के लिए इस गाड़ी का टीजर भी जारी किया था। सूत्रों के मुताबिक, इस SUV को साल 2026 की दिवाली के आसपास भारतीय बाजार में लॉन्च कर सकती है।
JSW ने दिसंबर में पेटेंट फाइल, फरवरी में मिली मंजूरी..
इस SUV के डिजाइन का पेटेंट 18 दिसंबर 2025 को फाइल किया गया था और 27 फरवरी 2026 को इसे मंजूरी मिल गई। पेटेंट से साफ संकेत मिलता है कि भारत में आने वाली JSW की यह SUV ग्लोबल मार्केट में बिकने वाली SUV से काफी मिलती-जुलती होगी। हालांकि अंतरराष्ट्रीय मॉडल में फ्रंट ग्रिल पर JETOUR की ब्रांडिंग होती है, लेकिन भारतीय बाजार में इस जगह JSW का लोगो देखने को मिल सकता है।
डिजाइन: दमदार और बॉक्सी स्टाइल..
कंपनी के टीजर और डिजाइन पेटेंट से मिल रहे संकेत की मानें तो SUV का लुक काफी मस्कुलर और बॉक्सी स्टाइल में होगा। इसके फ्रंट में चौकोर LED हेडलाइट्स दी गई हैं, जो एक ब्लैक ट्रिम से जुड़ी हुई हैं। इसके अलावा गाड़ी में हनीकॉम्ब पैटर्न वाली ग्रिल देखने को मिलती है।
मस्कुलर बंपर में एक फॉग लैंप और दोनों तरफ पिक्सल DRL क्लस्टर के दो जोड़े दिए गए हैं। SUV का बोनट उभरा हुआ है और दोनों ओर ग्रैब हैंडल भी दिए गए हैं, जो इसे रफ-एंड-टफ लुक देते हैं।
साइड प्रोफाइल में दरवाजों पर लगे साइड मिरर दिखाई देते हैं, जबकि पहले जारी किए गए टीजर में ये मिरर ए-पिलर से जुड़े नजर आए थे। इसके अलावा रूफ रेल्स के बीच का गैप भी इंटरनेशनल मॉडल से थोड़ा अलग दिख रहा है। हालांकि अलॉय व्हील्स, व्हील आर्च क्लैडिंग और विंडो लाइन जैसे कई डिजाइन एलिमेंट ग्लोबल मॉडल के समान ही रखे गए हैं।
इसे भी पढ़िए: इंटरनेट के जाल में फंस कर कहीं आप भी गंवा न दें अपनी सारी जमा पूंजी
गाड़ी के रियर डिजाइन की तस्वीरें अभी सामने नहीं आई हैं, लेकिन माना जा रहा है कि पीछे का लुक भी अंतरराष्ट्रीय मॉडल से काफी मिलता-जुलता हो सकता है।
Source: ऑटो न्यूज रिपोर्ट्स













