कानपुर। गोविंद नगर थाना क्षेत्र में प्लाट में बने अवैध बेसमेंट की खुदाई के दौरान (Basement Excavation Accident) बड़ा हादसा हो गया, जिसमें एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार रतनलाल नगर स्थित एक 400 वर्ग गज का प्लॉट में पिछले चार-पांच दिनों से जेसीबी मशीन से बेसमेंट की खुदाई का काम चल रहा था।
रविवार दोपहर (Basement Excavation Accident) खुदाई के दौरान पास खड़ा एक पेड़ बिजली के तारों की चपेट में आकर गिर पड़ा। इसके बाद तारों में आए खिंचाव से आस पास के करीब पांच बिजली के पोल एक-एक कर गिर गए।
बताया जा रहा है कि एक पोल पास स्थित केस्को सब स्टेशन के नजदीक बने सैलून पर गिर गया। इस हादसे में सैलून संचालक 40 वर्षीय रियाज अहमद गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे में दो अन्य लोग भी घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल भेज दिया गया जबकि मौके पर खड़े तीन दोपहिया वाहन भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के बाद प्लॉट मालिक और जेसीबी चालक मौके से फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।









