राष्ट्रीय। अगर आप नेपाल की यात्रा अपने वाहन से करने को सोच रहे हैं तो थोड़ा सावधान हो जाइए क्यों कि नेपाल ने भारत से नेपाल आने वाले सभी वाहनों के प्रवेश को लेकर सख्त नियम लागू करने का प्रस्ताव रखा है। इस प्रस्ताव के तहत अब भारतीय वाहन नेपाल की सीमा के अंदर केवल 6 किलोमीटर तक या संबंधित जिला मुख्यालय तक ही जा सकेंगे। इसके साथ ही उन्हें 8 घंटे के भीतर वापस भारत लौटना अनिवार्य होगा।
क्या हैं प्रस्तावित नियम..?
नेपाली सरकार द्वारा लाये गए इस प्रस्ताव के अनुसार, यदि कोई भारतीय नम्बर प्लेट लगा वाहन बार्डर से 6 किमी से अधिक दूरी तय करना चाहता है, तो उसे नेपाल में निर्धारित भन्सार (कस्टम शुल्क) देना होगा। यह शुल्क दिए बिना आगे यात्रा की अनुमति नहीं मिलेगी। नेपाल प्रशासन का कहना है कि यह कदम सीमा क्षेत्रों में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और आपराधिक गतिविधियों को नियंत्रित करने के उद्देश्य से उठाया जा रहा है।
प्रस्ताव पर नेपाल सरकार का तर्क..
नेपाल सरकार के अधिकारियों के मुताबिक, भारतीय वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही के कारण कई बार सड़क हादसे और अवैध गतिविधियों की घटनाएं सामने आती रही हैं। ऐसे में सीमित प्रवेश और समय सीमा तय करने से इन समस्याओं पर लगाम लगाने में मदद मिलेगी।हालांकि, इस प्रस्ताव को लेकर सीमा पार रहने वाले लोगों और नेपाल से भारत औऱ भारत से नेपाल जाने वाले पर्यटकों में चिंता बढ़ गई है।
व्यापार, इलाज, खरीदारी या घूमने के लिए नेपाल जाने वाले भारतीय नागरिकों को इससे असुविधा का सामना करना पड़ सकता है। खासतौर पर वे लोग, जो नियमित रूप से सीमा पार आते-जाते हैं, उनके लिए यह नियम परेशानी खड़ी कर सकता है।













