The Media Voice

मेहनत, लगन और विश्वास ने लिखी प्रेरणा की सफलता की इबारत!

कानपुर। सफलता की कहानियां अक्सर बड़े निवेश से नहीं, बल्कि बड़े हौसलों से लिखी जाती हैं। कानपुर की प्रेरणा वर्मा की कहानी भी कुछ ऐसी ही है। वर्ष 2006 में हाथ में केवल 5000 रुपये थे और काम करने के लिए एक छोटा सा कमरा, लेकिन सपने बड़े थे। उन्हीं सपनों को मेहनत और लगन के साथ आकार देते हुए उन्होंने लेदर एसेसरीज (Leather Industry) के एक छोटे कारोबार को आज 20 से अधिक देशों तक पहुंचा दिया है।

10×10 के एक साधारण कमरे से शुरू हुआ यह सफर आसान नहीं था। सीमित संसाधनों के बीच प्रेरणा वर्मा ने अपने हर उत्पाद को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया। शुरुआत में उत्पादन कम था और बाजार में पहचान बनाना बड़ी चुनौती थी, लेकिन गुणवत्ता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और आधुनिक डिजाइन ने ग्राहकों का भरोसा जीत लिया। देखते ही देखते उनके उत्पादों ने स्थानीय बाजार से निकलकर व्यापक पहचान बनानी शुरू कर दी।

प्रेरणा ने क्रिएटिव इंडिया नाम से अपनी कम्पनी शुरू की और 2007 में उन्हें पहली बार अपनी कम्पनी में बने लेदर प्रोडक्ट्स बाहर भेजने का मौका मिला, जिसे वहां ग्राहकों के बीच काफी पसंद किया गया। आज उनकी फैक्ट्री में बनी डोरियां, चमड़े के बैग सहित तमाम हस्त निर्मित चमड़े के सामान 20 से भी ज्यादा देशों के फैशन, फुटवियर, लेदर और हैंडीक्राफ्ट बाजार में पसंद किये जाते हैं।

लेदर इंडस्ट्री में उत्कृष्ट योगदान के लिए मिला सम्मान..

लेदर उद्योग में उनकी उपलब्धियों को राष्ट्रीय स्तर पर भी सराहा गया। वर्ष 2010 में राज्य सरकार ने उन्हें प्रोडक्ट क्वालिटी एक्सीलेंस अवॉर्ड से सम्मानित किया। उत्कृष्ट निर्यात प्रदर्शन के लिए वर्ष 2015 और 2017 में केंद्र सरकार ने नेशनल अवॉर्ड प्रदान किया। वहीं वर्ष 2016 में उन्हें प्रोडक्ट एंड इनोवेशन अवॉर्ड भी मिला।

प्रेरणा वर्मा का मानना है कि किसी भी व्यवसाय की असली पूंजी ग्राहकों का विश्वास होता है। इसी सोच के साथ उन्होंने अपने उत्पादों में गुणवत्ता, टिकाऊपन और आधुनिक डिजाइन का समावेश किया और यही कारण है कि उनके बनाए लेदर बैग, पर्स और अन्य एसेसरीज की मांग लगातार बढ़ती गई।

खास खबर- कानपुर की एक महिला जो अस्पतालों में लावारिस मरीजों का रखती हैं ख्याल!

प्रेरणा वर्मा की सफलता आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प की ऐसी मिसाल है जो अनेक महिलाओं को आगे बढ़ने का साहस देती है। उन्होंने अपने सफर से यह साबित किया है कि संसाधनों की कमी कभी भी सफलता की राह में बाधा नहीं बनती। यदि सपने बड़े हों, लक्ष्य स्पष्ट हो और उन्हें हासिल करने का जज्बा हो, तो छोटी सी शुरुआत भी असाधारण उपलब्धियों में बदल सकती है।