Skip to main content

The Media Voice

3 करोड़ की रिश्वत औऱ आईपीएस गिरफ्तार!

नई दिल्ली। सीबीआई (केंद्रीय जांच ब्यूरो) ने हरियाणा कैडर के IPS अधिकारी (आईपीएस) दीपक गहलावत को नकली दवाओं के कारोबार से जुड़े आरोपियों से कथित तौर पर 3 करोड़ की रिश्वत मांगने के मामले में गिरफ्तार किया है। गहलावत वर्तमान में ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी (BCAS) में क्षेत्रीय निदेशक के पद पर तैनात हैं।

सीबीआई की जांच के अनुसार, यह मामला नकली दवाओं के कारोबारी एन. राजा और उसके सहयोगियों से जुड़ा है। एजेंसी ने 8 जून को दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर प्रदीप सिंह, कारोबारी एन. राजा तथा उसके सहयोगी राजकुमार के खिलाफ मामला दर्ज किया था। जांच के दौरान ऐसे साक्ष्य सामने आने का दावा किया गया, जिनके आधार पर आईपीएस अधिकारी दीपक गहलावत की कथित भूमिका भी सामने आई।

जांच एजेंसी का आरोप है कि गहलावत ने एन. राजा से 3 करोड़ की रिश्वत की मांग की थी, जिसमें 1.5 करोड़ अग्रिम राशि के रूप में देने की बात कही गई थी। बदले में उन्होंने पुडुचेरी में नकली दवाओं की बिक्री से जुड़े सीबीआई मामलों में राहत दिलाने का भरोसा दिया था।

सीबीआई का कहना है कि गहलावत ने अपने कथित प्रभाव, उच्च अधिकारियों से संपर्क और नेटवर्क का इस्तेमाल कर जांच को प्रभावित करने का आश्वासन दिया था। एजेंसी फिलहाल पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है और रिश्वत के कथित नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

यह मामला इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि इसमें एक वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी पर भ्रष्टाचार और जांच को प्रभावित करने जैसे गंभीर आरोप लगे हैं। मामले में आगे की जांच जारी है और सीबीआई ने संकेत दिए हैं कि जांच के आधार पर आगे और कार्यवाही की जा सकती है।