The Media Voice

मारुति सुजुकी का गुजरात में मेगा निवेश, नए कार निर्माण संयंत्र का ऐलान!

राष्ट्रीय। देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी Maruti Suzuki India Limited गुजरात के खोराज में 35,000 करोड़ रुपये का बड़ा निवेश करने जा रही है। कंपनी यहां एक नया कार निर्माण प्लांट लगाएगी, जिसे ऑटोमोबाइल सेक्टर की इस दशक की सबसे बड़ी परियोजनाओं में से एक माना जा रहा है।

इस नए प्लांट में हर साल अनुमानतः 10 लाख कारें बनाने की क्षमता होगी। इससे गुजरात देश के बड़े ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में और मजबूत होगा।

राज्य सरकार के मुताबिक, इस परियोजना से करीब 12,000 लोगों को सीधे रोजगार मिल सकता है। वहीं ऑटो पार्ट्स, ट्रांसपोर्ट, लॉजिस्टिक्स, सर्विस और दूसरे जुड़े उद्योगों में भी हजारों नए रोजगार के अवसर पैदा होंगे। विशेषज्ञों का मानना है कि इस बड़े निवेश का फायदा छोटे और मध्यम उद्योगों (MSME) को भी मिलेगा। ऑटोमोबाइल सप्लाई चेन बढ़ने से स्थानीय कारोबारियों और सेवा प्रदाताओं की मांग बढ़ेगी, जिससे पूरे इलाके की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

यह प्लांट करीब 1,750 एकड़ जमीन पर बनाया जाएगा, जिसे गुजरात इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (GIDC) ने आवंटित किया है। कंपनी ने जमीन खरीद और शुरुआती काम के लिए 4,960 करोड़ रुपये के निवेश को मंजूरी भी दे दी है। प्लांट शुरू होने के बाद हर साल 10 लाख अतिरिक्त वाहनों का उत्पादन किया जा सकेगा।

The Media Voice News.