•निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता के क्षेत्र में योगदान को मिली राष्ट्रीय पहचान, कानपुर में खुशी की लहर
कानपुर। वरिष्ठ पत्रकार एवं वामा समाचारपत्र की संपादक अपर्णा शुक्ला को भारत सरकार ने प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया (पीसीआई) का सदस्य नामित किया है।
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, अपर्णा शुक्ला को प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया का सदस्य बनाया गया है। पत्रकारिता के क्षेत्र में निष्पक्षता, सत्यनिष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपनी पहचान स्थापित करने वाली अपर्णा शुक्ला ने कानपुर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है।
अपर्णा शुक्ला अखिल भारतीय समाचार पत्र एसोसिएशन की पदाधिकारी भी हैं। वह लंबे समय से पत्रकारिता के मूल्यों को मजबूत करने के साथ छोटे एवं मझोले समाचारपत्रों की समस्याओं और उनके हितों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने में सक्रिय भूमिका निभाती रही हैं। उनके इस योगदान को पत्रकारिता जगत में महत्वपूर्ण माना जाता है।
प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया में सदस्य के रूप में नामित होने के बाद उनसे पत्रकारिता के स्तर को बेहतर बनाने, निष्पक्ष एवं जिम्मेदार पत्रकारिता को प्रोत्साहित करने और छोटे व मझोले समाचारपत्रों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने की उम्मीद की जा रही है।
अपर्णा शुक्ला की इस उपलब्धि पर पत्रकारों, शुभचिंतकों और परिचितों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उनकी इस सफलता को कानपुर के पत्रकारिता जगत के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।










