Skip to main content

The Media Voice

सीएम दो दिवसीय दौरे पर पहुंचेंगे काशी, धान उत्पादन में नई तकनीक पर काशी में होगा मंथन!

वाराणसी। 6 अक्टूबर को सीएम योगी आदित्यनाथ अपनी दो दिवसीय यात्रा में काशी पहुंचेंगे। प्रवास के दौरान वे कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री का आगमन सुबह 11:30 बजे वाराणसी में प्रस्तावित है।

काशी दौरे की शुरुआत पिपलानी कटरा स्थित सरोजा पैलेस से होगी, जहां सीएम स्वच्छता अभियान के तहत आयोजित सम्मान समारोह में सफाईकर्मियों को सम्मानित करेंगे। यह आयोजन पूर्व मंत्री और दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी के ‘वार्ड प्रवास’ कार्यक्रम के समापन अवसर पर किया जा रहा है।

इसके बाद मुख्यमंत्री चांदपुर स्थित अंतरराष्ट्रीय चावल अनुसंधान संस्थान (इरी) में आयोजित डीएसआर कॉन्क्लेव 2025 के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे और प्रतिभागियों को संबोधित करेंगे। इस तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम (5 से 7 अक्टूबर) में देश-विदेश से आए 300 से अधिक वैज्ञानिक, कंपनियों व संगठनों के प्रतिनिधि और प्रगतिशील किसान डायरेक्ट सीडेड राइस (DSR) तकनीक पर विचार-विमर्श करेंगे। इस अवसर पर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही भी सीएम के साथ मौजूद रहेंगे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अन्नपूर्णा मंदिर ट्रस्ट के शिवपुर स्थित अन्नपूर्णा ऋषिकुल ब्रह्मचर्य आश्रम में आयोजित कार्यक्रम में 250 महिलाओं को नि:शुल्क सिलाई मशीनें भी वितरित करेंगे।

इस दो दिवसीय यात्रा में मुख्यमंत्री सर्किट हाउस सभागार में विकास कार्यों और कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक के साथ साथ ही काशी विश्वनाथ मंदिर और काल भैरव मंदिर में दर्शन-पूजन भी करेंगे।

वाराणसी में रात्रि विश्राम के पश्चात मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अगले दिन प्रातः गोरखपुर के लिए रवाना होंगे।

Also Read This: सपा प्रमुख ने किस राजनैतिक पार्टी को बताया जालसाज पार्टी ?

यह कॉन्क्लेव नीति-निर्माताओं, वैज्ञानिकों, निजी क्षेत्र के विशेषज्ञों, गैर-सरकारी संगठनों और किसान प्रतिनिधियों के साथ मिलकर धान उत्पादन में पानी, श्रम और लागत की बचत करने वाली ‘डायरेक्ट सीडेड राइस’ तकनीक को व्यापक स्तर पर अपनाने की रणनीति तैयार करने पर केंद्रित होगा।

Reported The Media Voice