कानपुर: कल्याणपुर थाना क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक की मौत से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 38 वर्षीय अभिषेक के रूप में हुई है। परिजनों ने घटना को सोची-समझी साजिश करार देते हुए हत्या का आरोप लगाया है।
परिवार का कहना है कि 6 सितंबर की रात अभिषेक घर से निकला था, रात 10:30 बजे तक वह सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दिया।
इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। कुछ घंटों बाद उसकी मौत की खबर आई तो परिवार पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा।
परिवार का आरोप है कि अभिषेक को कुछ संदिग्ध लोग बहला-फुसलाकर सुनसान गली में ले गए और बेरहमी से मार डाला। परिवार ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि सूचना मिलने के बावजूद समय रहते कार्रवाई नहीं की गई।
यहां तक कि पुलिस मुकदमा दर्ज करने से भी कतरा रही है और सबूत लाने की बात कर रही है।
सनसनीखेज मामले में पुलिस का पक्ष:
पुलिस उपायुक्त पश्चिम दिनेश त्रिपाठी ने बताया कि 6 सितंबर की रात कल्याणपुर क्षेत्र में एक युवक का शव झाड़ियों से बरामद हुआ।
मौके पर पहुँचकर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं होने पर विसरा सुरक्षित कर जाँच हेतु भेजा गया है।
प्रकरण की गहन विवेचना की जा रही है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
खास खबर: आखिर क्यों हुई फर्रुखाबाद के इस चर्चित नेता को उम्र कैद ?













