मध्य प्रदेश: दतिया जनपद में पुलिसकर्मियों की बर्थडे पार्टी विवादों में आ गई है। सिविल लाइन थाने में पदस्थ आरक्षक राहुल ने अपने जन्मदिन पर स्थानीय होटल में भव्य पार्टी का आयोजन किया। पार्टी को यादगार बनाने के लिए बार-बालाओं को भी बुलाया गया, जहां देर रात तक डांस और शराब का दौर चलता रहा।
पार्टी में पीने पिलाने का दौर चलता रहा, इसी बीच पार्टी में मौजूद एएसआई संजीव गौड़ शराब के नशे में ऐसा डूबे की नशे में धुत होकर स्टेज पर चढ़ गए और बार बालाओं के साथ फिल्मी गानों पर अश्लील डांस करने लगे।
इसी दौरान पार्टी में खाने-पीने का आनंद लेने वाले किसी शख्स ने डान्स वाले कार्यक्रम का वीडियो मोबाइल से रिकॉर्ड कर लिया जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया या शायद कर दिया गया।
बार बालाओं संग पुलिसकर्मियों के रंगीन पार्टी का वीडियो वायरल होने के बाद मामला पुलिस महकमे तक पहुंचा तो हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए तत्काल कार्रवाई की।
एसपी दतिया सूरज कुमार ने सिविल लाइन थाना के एएसआई संजीव गौड़ और आरक्षक राहुल को निलंबित कर जांच के आदेश दिए हैं।
बताया ये भी जा रहा है कि एएसआई संजीव गौड़ का विवादों से पुराना नाता है। उनका 50 हजार की रिश्वत मांगने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर दो साल पहले वायरल हुआ था, जिसे लेकर उनकी जांच भी चल रही थी।
एसपी दतिया का कहना है कि विभाग की छवि खराब करने वाले किसी भी कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा। वहीं, वायरल वीडियो को लेकर आम लोगों के बीच भी तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।














