The Media Voice

नेपाल की सेना को मिलेगा कानपुर का सपोर्ट, नेपाली सैनिक पहनेंगे कनपुरिया बूट!

कानपुर। नेपाल की सेना को कानपुर का बड़ा सपोर्ट मिलने वाला है क्यों कि अब नेपाली सैनिक (Nepal’s Army) कानपुर के बने बूटों के सहारे परेड करेंगे। रक्षा मंत्रालय के डीपीएसयू ट्रूप कम्फर्ट्स लिमिटेड (TCL) द्वारा बनाए गए उत्पाद अब नेपाली आर्मी को भी ताकत देंगे। टीसीएल की ऑर्डिनेंस फैक्ट्रियों में तैयार वर्दी और बूट के सैंपल नेपाल सेना को दिए गए थे, जिन्हें नेपाल के मास्टर जनरल ऑफ आर्डिनेंस (MGO) ने परीक्षण के बाद सराहा है। अब नेपाल सेना की ओर से बड़े ऑर्डर मिलने की संभावना है।

जानकारी के अनुसार, कानपुर की ऑर्डिनेंस इक्विपमेंट फैक्ट्री (OEF) में नेपाल सैनिकों के लिए 50 हजार बूट बनाए जाएंगे। इसके अलावा डिजिटल पैटर्न वर्दी और मॉड्यूलर दस्ताने भी नेपाल के अधिकारियों को बेहद पसंद आए हैं।

नेपाल में हालिया राजनीतिक बदलाव के बीच सेना (Nepal’s Army) पूरी तरह सतर्क है और नेपाली बार्डर पर निगरानी बढ़ा दी गई है। ऐसे में जवानों को आधुनिक साजो-सामान मुहैया कराने की तैयारियां तेज हो गई हैं। दो महीने पहले नेपाल के एमजीओ ने टीसीएल मुख्यालय का दौरा किया था और यहां बने उत्पादों की गुणवत्ता की तारीफ की थी।

Also Read This: दिल्ली में मात्र 21 साल की उम्र में मिलेगा इस चीज का लाइसेंस ?

उधर, ओईएफ को भारतीय सेना से भी करीब 10 लाख जोड़ी बूट का ऑर्डर मिला है, जिसका उत्पादन तेजी से चल रहा है। नेपाल सेना के अधिकारियों ने मल्टीपरपज बूट, क्रैम्पन बूट, सात-लेयर वाले ईसीडब्ल्यूसीएस (एक्सट्रीम कोल्ड वेदर क्लोथिंग सिस्टम), रॉक पिटोन और कैरबिनर जैसे उत्पादों की भी सराहना की है।

टीसीएल निदेशक राजीव शर्मा ने कहा कि नेपाली सेना को यहां बनी डिजिटल वर्दी और बूट बेहद पसंद आए हैं। 50 हजार बूट समेत अन्य सामान के बड़े ऑर्डर जल्द मिलने की पूरी उम्मीद है।

Reporting- The Media Voice