The Media Voice

नईम के बाद अब मेहताब का अंत, पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया

मुजफ्फरनगर। पुलिस को शुक्रवार देर रात बड़ी सफलता हाथ लगी। बुढ़ाना क्षेत्र के परसोली जंगल में हुई मुठभेड़ में पुलिस ने एक लाख का इनामिया बदमाश मेहताब को मार गिराया। मेहताब सर्राफा व्यापारी से हुई लाखों की लूट की घटना में मुख्य आरोपी था और लंबे समय से फरार चल रहा था।

जानकारी के मुताबिक, शामली जनपद के रसूलपुर निवासी मेहताब पर लूट, डकैती और रंगदारी जैसे संगीन आरोपों में 18 से अधिक मुकदमे दर्ज थे। पुलिस को उसके परसोली जंगल में छिपे होने की सूचना मिली, जिसके बाद बुढ़ाना थाने की टीम ने इलाके को चारों ओर से घेर लिया। पुलिस ने मेहताब से आत्मसमर्पण करने की अपील की, लेकिन उसने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग में पुलिस की गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल बुढ़ाना सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने एक पिस्टल, एक रिवाल्वर, बाइक और कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मेहताब बेहद शातिर और कुख्यात अपराधी था, जिसकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगातार लगी हुई थीं।

गौरतलब है कि इससे पहले 28 सितंबर को भी पुलिस ने एक लाख का इनामिया अपराधी नईम कुरैशी को मुठभेड़ में ढेर किया था। नईम कुरैशी पर हत्या, लूट, गैंगस्टर एक्ट और रंगदारी समेत कुल 36 आपराधिक मुकदमे दर्ज थे।

Also Read This: विधायक को याद दिलाया वादा तो क्यों तोड़ दी गईं हड्डियां ?

घटना की जानकारी मिलते ही मुजफ्फरनगर पुलिस प्तान संजय वर्मा और एसपी देहात आदित्य बंसल खुद मुठभेड़ स्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने बताया कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और जिले में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के लिए किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।

ReportingThe Media Voice