The Media Voice

रेप केस के दोषी आसाराम ने वाराणसी में किए बाबा विश्वनाथ के दर्शन

वाराणसी। रेप केस के दोषी और जेल में सजा काट रहे स्वयंभू संत आसाराम ने कड़ी सुरक्षा और VIP प्रोटोकॉल के बीच बाबा विश्वनाथ मंदिर पहुंच कर दर्शन किये। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी उसने साथ मौजूद रहे, जिसको लेकर कई तरह की चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं।

जानकारी के मुताबिक रेप केस में दोषी करार दिया गया आसाराम लग्जरी गाड़ी से मंदिर परिसर तक पहुंचा। वहां से उसे व्हीलचेयर पर बैठाकर गेट नंबर 4 से मंदिर में प्रवेश कराया गया। यह गेट आमतौर पर VIP लोगों के लिए इस्तेमाल किया जाता है। करीब 50 से अधिक पुलिसकर्मियों ने सुरक्षा घेरा बनाकर उसे मंदिर के अंदर तक पहुंचाया।

हालांकि VIP प्रोटोकॉल के बावजूद आसाराम को स्पर्श दर्शन की अनुमति नहीं दी गई। उसने गर्भगृह के बाहर से ही आम श्रद्धालुओं की तरह बाबा विश्वनाथ के दर्शन किए। इस दौरान मंदिर में मौजूद अन्य श्रद्धालु भी सामान्य तरीके से दर्शन करते रहे। मंदिर पहुंचने की खबर मिलते ही उसके कई अनुयायी भी मंदिर परिसर के बाहर पहुंच गए। दर्शन के बाद जब आसाराम बाहर निकला तो कई लोग उसका इंतजार करते दिखाई दिए।

कहाँ है रेप केस के दोषी स्वयम्भू आसाराम ?

बताया जा रहा है कि आसाराम इन दिनों काशी के बड़ागांव क्षेत्र के अनौरा स्थित अपने आश्रम में ठहरा हुआ है। वहीं से वह रोज प्रवचन भी दे रहा है। आश्रम में होने वाले सत्संग में आने वाले श्रद्धालुओं के मोबाइल फोन बाहर ही जमा कराए जा रहे हैं। परिसर के अंदर वीडियो बनाने पर भी सख्त पाबंदी लगाई गई है। यदि कोई चुपके से वीडियो बनाते पकड़ा जाता है तो तुरंत उसे डिलीट करवाया जा रहा है।

इसे भी पढ़िए: अप्रैल से हाइवे का सफर होगा महंगा ?

आपको बताते चलें कि स्वयम्भू सन्त आसाराम को राजस्थान और गुजरात हाईकोर्ट से 6-6 महीने की अंतरिम जमानत मिली हुई है। गुजरात हाईकोर्ट में जमानत याचिका की सुनवाई के दौरान उसके वकीलों ने दलील दी थी कि वह हृदय संबंधी बीमारी से पीड़ित है, जिसके चलते उसे राहत दी गई है।इधर, आसाराम के काशी पहुंचने की खबर फैलते ही वाराणसी के अलावा जौनपुर, भदोही, गाजीपुर, मिर्जापुर, आजमगढ़, चंदौली और पड़ोसी राज्य बिहार से भी बड़ी संख्या में अनुयायी अनौरा आश्रम पहुंच रहे हैं।

The Media Voice