The Media Voice

छोटी पूंजी, बड़ा हौसला: कानपुर की दीप्ति दुबे बनीं सफल महिला उद्यमी!

कानपुर। 2022 में बेहद छोटी सी पूंजी के साथ टेक्सटाइल इंडस्ट्री में कदम रखने वाली कानपुर की दीप्ति दुबे (Dipti Dubey) ने साबित कर दिया कि अगर आपके इरादे और इच्छाशक्ति मजबूत हो तो हालात आपको कभी भी हरा नहीं सकते।

एक छोटी सी जमापूंजी, सीमित संसाधनों लेकिन मजबूत इच्छाशक्ति के साथ टेक्सटाइल इंडस्ट्री में एक छोटे से स्टार्टअप से शुरुआत करने वाली दीप्ति दुबे (Dipti Dubey) आज अपने ब्रांड शौर्यवस्त्रम के माध्यम से एक मजबूत पहचान बना चुकी हैं। दीप्ति ने धैर्य के साथ अथक परिश्रम करते हुए न केवल अपने व्यवसाय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया, बल्कि कई महिलाओं को प्रशिक्षण देकर उन्हें रोजगार का अवसर भी उपलब्ध कराया। कुछ हजार रुपयों के इन्वेस्टमेंट से शुरू हुआ उनका यह सफर आज लाखों रुपये के वार्षिक टर्नओवर तक पहुंच चुका है।

दीप्ति बताती हैं कि वर्ष 2022 में जब उन्होंने टेक्सटाइल इंडस्ट्री में कदम रखा, तब उनके सामने चुनौतियों का अंबार था। एक नए उद्यमी के रूप में बाजार में जगह बनाना, सीमित संसाधनों में उत्पादन करना, ग्राहकों का विश्वास जीतना और स्थापित कंपनियों के बीच अपनी पहचान बनाना आसान नहीं था। कई बार निराशा हाथ लगी, ऑर्डर रद्द हुए, आर्थिक दबाव बढ़ा और भविष्य को लेकर अनिश्चितता भी बनी रही, लेकिन उन्होंने कभी हार नहीं मानी।

खास स्टोरी- प्रेरणा की कहानी बन गयी महिलाओं के लिए प्रेरणा!

उन्होंने हर कठिनाई को सीखने का अवसर बनाया। दिन-रात मेहनत की, उत्पादों की गुणवत्ता और डिजाइन में लगातार सुधार किया, ग्राहकों की जरूरतों को समझा और उनके सुझावों को अपनाया। धीरे-धीरे उनकी मेहनत रंग लाने लगी और शौर्यवस्त्रम गुणवत्ता और भरोसे का पर्याय बन गया।
उनकी यूनिट में तैयार परिधान अब सिर्फ कानपुर शहर में ही नहीं बल्कि प्रदेश के तमाम अन्य शहरों के ग्राहकों के बीच भी काफी लोकप्रिय हो चुके हैं।

व्यापार के साथ सामाजिक क्षेत्र में भी दीप्ति दुबे की सक्रियता:

व्यवसायिक सफलता के साथ-साथ दीप्ति दुबे ने महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में भी अपनी पहचान बनाई है। वर्ष 2023 में यूपी ग्लोबल समिट के दौरान महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम के लिए उन्हें देशभर से चयनित महिलाओं में स्थान मिला। इस विशेष अवसर पर उन्हें भारत की राष्ट्रपति माननीय द्रौपदी मुर्मू एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ मंच साझा करने का अवसर मिला। दीप्ति दुबे अपने व्यापार के साथ साथ सामाजिक कार्यों में भी रुचि रखती हैं औऱ वो कई सामाजिक संस्थाओं से भी जुड़ी हैं। उनकी सामाजिक सक्रियता के लिए एलन हाउस इंस्टीट्यूट सहित तमाम अन्य संस्थाओं ने उन्हें सम्मानित किया।